नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 6 जून को कोकरोच जनता पार्टी के बैनर तले युवाओं और छात्रों ने पेपर लीक के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जेनजी युवाओं की भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, लेकिन युवाओं के अंदर गुस्सा साफ दिखाई दिया।

इस कार्यक्रम में अमेरिका से आए अभिजीत दीप भी शामिल हुए। उनके साथ कई साथी और समर्थक मौजूद रहे जिन्होंने मंच से छात्रों के मुद्दों पर अपनी बात रखी। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। छात्रों ने मीडिया के सामने खुलकर अपनी परेशानियां साझा कीं और कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर होती जा रही है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार जंतर-मंतर पर हजारों लोग इकट्ठा हुए थे। आयोजन स्थल पर पुलिस और सुरक्षा बल की तैनाती भी की गई थी ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। हालांकि कार्यक्रम बिना किसी बड़े विवाद के समाप्त हो गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि राष्ट्रीय मीडिया की मौजूदगी काफी कम रही, जबकि कुछ स्थानीय मीडिया संस्थानों ने मौके से कवरेज की।
युवाओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में मौजूद कई छात्रों का कहना था कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसे मामले रुकने वाले नहीं हैं। छात्रों ने सरकार से पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने और भर्ती परीक्षाओं को सुरक्षित बनाने की मांग की।
कोकरोच जनता पार्टी से जुड़े लोगों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर और प्रदर्शन किए जा सकते हैं। फिलहाल आंदोलन को जारी रखने की बात कही जा रही है। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि यह सिर्फ एक दिन का विरोध नहीं बल्कि छात्रों के भविष्य की लड़ाई है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा।
